सिसेंडी में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा, गोताखोरों के बाद NDRF टीम ने संभाला मोर्चा, तलाश अभियान जारी

सोनेंद्र कुमार की खास खबर मोहनलालगंज से
लखनऊ मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के सिसेंडी इलाके के मीनापुर में मंगलवार को गणपति विसर्जन के दौरान सई नदी में तीन युवक गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। हादसे की जानकारी मिलते ही विसर्जन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, सिसेंडी के कोरियाना मोहल्ले में गणेश चतुर्थी के अवसर पर गणपति की प्रतिमा स्थापित की गई थी। मंगलवार को श्रद्धालु प्रतिमा विसर्जन के लिए सई नदी पहुंचे थे। विसर्जन के दौरान 40 वर्षीय हरिप्रसाद पुत्र राधेलाल, 35 वर्षीय धीरज पुत्र नरेश और 22 वर्षीय प्रमोद पुत्र कल्लू नदी के गहरे पानी में चले गए और डूब गए।तीनों युवकों के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई गई।काफी प्रयास के बावजूद युवकों का तत्काल पता नहीं चल सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए NDRF को भी सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद NDRF की टीम मौके पर पहुंची और नदी में डूबे तीनों युवकों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। NDRF के जवानों ने नदी में संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया।पुलिस और NDRF की टीम संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। नदी के गहरे पानी और तेज बहाव को देखते हुए रेस्क्यू टीम विशेष सावधानी के साथ तलाश अभियान चला रही है।
हादसे के बाद गणपति विसर्जन स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल है। वहीं, तीनों युवकों के परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण नदी किनारे मौजूद हैं और युवकों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

