राकेश कुमार की खास खबर मलिहाबाद से

मलिहाबाद, लखनऊ। क्षेत्र के महमूदनगर स्थित प्रसिद्ध संतोषी माता मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महापुराण के चतुर्थ दिवस पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। कथा के चौथे दिन व्यासपीठ से महाराज जी ने भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव एवं उनकी बाल लीलाओं का मनमोहक वर्णन किया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। कथा के चतुर्थ दिवस पर मुख्य रूप से कार्तिकी पाठक, सनी पाठक, गोपाल गुप्ता, अमन द्विवेदी तथा रामू गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस आरक्षी उत्तम राठी सहित पुलिस बल के जवान तैनात रहे। कथावाचक ने भागवत महापुराण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा सुनने मात्र से ही मनुष्य के जीवन का कल्याण हो जाता है और पापों का नाश होता है। भगवान कृष्ण के जन्म प्रसंग पर मंदिर परिसर ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भजनों पर जमकर नृत्य किया और आरती के बाद सभी को प्रसाद वितरित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि कथा आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगी और अंतिम दिन विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में समस्त क्षेत्रीय ग्रामीणों व श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।


