सोनेंद्र कुमार

मोहनलालगंज। कस्बे में गुरुवार को 11 हजार केवी बिजली लाइन पर मरम्मत कार्य कर रहे संविदाकर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेश कुमार के रूप में हुई है।
बताया गया कि राजेश कुमार बिजली विभाग के मोहनलालगंज डिवीजन के मोहनलालगंज न्यू पावर हाउस में अकुशल संविदाकर्मी के पद पर कार्यरत था। वह 11 हजार केवी लाइन पर मरम्मत कार्य के लिए शटडाउन लेकर बिजली के खंभे पर चढ़ा था। इसी दौरान लाइन में अचानक करंट दौड़ गया, जिससे राजेश झुलसकर नीचे गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। परिजनों ने बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका सवाल है कि जब राजेश शटडाउन लेकर लाइन पर काम कर रहा था, तो बिजली आपूर्ति दोबारा कैसे चालू हो गई। परिजनों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और जवाबदेही तय किए जाने की मांग की है। फिलहाल बिजली आपूर्ति किस परिस्थिति में चालू हुई और हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

