सोनेंद्र कुमार की खास खबर मोहनलालगंज से

मोहनलालगंज। सिसेंडी क्षेत्र के जबरेला में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सई नदी में डूबे हरिप्रसाद की पत्नी श्यामवती ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज में एक बेटी को जन्म दिया।
सबसे मार्मिक बात यह रही कि दोपहर में हरिप्रसाद की अंतिम यात्रा निकली, वहीं देर रात करीब 12 बजे अस्पताल में उनकी बेटी की किलकारी गूंजी। एक तरफ परिवार हरिप्रसाद को अंतिम विदाई दे रहा था, तो दूसरी तरफ अस्पताल में उनकी नवजात बेटी ने जन्म लिया।
पति की मौत के गम में गर्भवती श्यामवती का रो-रोकर बुरा हाल है। जन्म से महज एक दिन पहले ही मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया।
बताया गया कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान जबरेला में तीन युवक नदी में डूब गए थे। हादसे में हरिप्रसाद समेत तीनों युवकों की मौत हो गई थी। कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ ने तीनों के शव बरामद किए थे।
हरिप्रसाद की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं नवजात बेटी के जन्म ने गम के बीच परिवार को एक नई जिम्मेदारी और भावुक कर देने वाला पल दिया है।

