ब्यूरो चीफ की खास खबर कानपुर से

कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष के कड़े निर्देशों के अनुपालन में शहर में बिना ले-आउट और बिना नक्शा स्वीकृति के हो रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। इसी क्रम में केडीए प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। उप नगर योजनाकार / एसडीओ सत शुक्ला के नेतृत्व में पहुंचे प्रवर्तन दस्ते ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वालों पर शिकंजा कसा। कार्रवाई के दौरान बर्रा-7स्थित भूखंड संख्या 08 पर हो रहे अवैध निर्माण को मौके पर ही सील कर पुलिस अभिरक्षा में दे दिया गया। बताया जा रहा है कि यह निर्माण अभिषेक सक्सेना उर्फ राहुल सक्सेना द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए कराया जा रहा था। इसी तरह बर्रा-7 सभासद पुरम के भूखंड संख्या 7 सौ सत्रह पर भी बिना नक्शा पास कराए किए जा रहे अवैध निर्माण पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। इसके अलावा जूही W-2 इलाके में संचालित लाइफ लाइन अस्पताल के अनाधिकृत निर्माण व गैर-मानक ढांचे पर भी सीलिंग की मोहर लगा दी गई। केडीए अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर में किसी भी सूरत में अवैध निर्माण और बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

