पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार, दर-दर भटकने को मजबूर

राकेश कुमार की खास खबर काकोरी से
काकोरी,लखनऊ। पानी की सप्लाई की शिकायत करना एक ग्रामीण को भारी पड़ गया। आरोप है कि प्रधान प्रतिनिधि और उसके साथियों ने एकजुट होकर शिकायतकर्ता की जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी आंख में गंभीर चोट आई है। पीड़ित का आरोप है कि काकोरी पुलिस ने एकतरफा मुकदमा लिखकर उसकी सुनवाई नहीं की।
मामला थाना काकोरी के ग्राम रसूलपुर का है। पीड़ित वीरेंद्र यादव पुत्र स्व. सुंदरलाल ने प्रभारी निरीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव में लगी पानी की टंकी से उसके घर पर कई दिनों से सप्लाई नहीं आ रही थी। इसी शिकायत को लेकर वह 22 अगस्त को ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि दिनेश विश्वकर्मा के पास गया था।
आरोप है कि शिकायत से नाराज होकर दिनेश विश्वकर्मा, रमेश विश्वकर्मा पुत्र स्व. मिन्ना, आदर्श विश्वकर्मा पुत्र दिनेश, आलोक विश्वकर्मा, नितेश विश्वकर्मा पुत्र रमेश तथा उनके साथी शिवपाल शर्मा पुत्र स्व. नन्हा और राजकमल विश्वकर्मा पुत्र स्व. सुरेश ने एक राय होकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। मारपीट में वीरेंद्र को शरीर के कई हिस्सों और आंख में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने 26 अगस्त को थाने में तहरीर देकर मेडिकल परीक्षण कराते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि काकोरी पुलिस ने मामले में एकतरफा मुकदमा लिख दिया है और उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। आंख में गंभीर चोट के बावजूद वह न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है और पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहा है।


