योगेंद्र सिंह

शाहजहाँपुर में कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, सार्वजनिक परिवहन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने तथा निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महोदय, शाहजहाँपुर श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर महोदय, श्री देवेन्द्र कुमार के निकट पर्यवेक्षण में, क्षेत्राधिकारी यातायात श्री शुभम वर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन श्री हरिओम एवं यातायात निरीक्षक श्री बच्चू सिंह के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न स्थानों पर संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग एवं प्रवर्तन अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों के अनुपालन, ओवरलोडिंग, सार्वजनिक परिवहन वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी परिवहन, मालवाहक वाहनों में नियमों के उल्लंघन तथा सड़क सुरक्षा मानकों की जांच की गई। चेकिंग के क्रम में बरेली मोड़ क्षेत्र में 01 प्राइवेट बस को रोककर चेकिंग की गई, जिसमें 150 सवारियां बैठाकर परिवहन किया जाना पाया गया। उक्त प्राइवेट बस के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्यवाही करते हुए वाहन को पुलिस चौकी अजीजगंज में सीज कराया गया। इसके साथ ही बस में यात्रा कर रहे यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो, इस उद्देश्य से तत्काल वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की गई तथा कुल 03 रोडवेज बसों के माध्यम से यात्रियों को उनके गंतव्य स्थानों तक सुरक्षित रूप से भेजा गय। इसी क्रम में थाना खुटार क्षेत्र में विशेष जांच के दौरान 01 ओवरलोड खनन वाहन एवं 01 अन्य ओवरलोड ट्रक को नियमों के उल्लंघन का दोषी पाए जाने पर सीज किया गया। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 04 अन्य वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्यवाही की गई। उक्त अभियान के माध्यम से वाहन स्वामियों एवं चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, ओवरलोडिंग से बचने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। जनपद के समस्त बस, ऑटो, ई-रिक्शा एवं अन्य सार्वजनिक परिवहन वाहन स्वामियों/चालकों से अपील की जाती है कि वे अपने वाहनों का संचालन निर्धारित मानकों एवं क्षमता के अनुरूप ही करें तथा किसी भी परिस्थिति में निर्धारित सीमा से अधिक सवारियों का परिवहन न करें। अवगत कराया जाता है कि भविष्य में भी जनपद में इस प्रकार के विशेष चेकिंग अभियान निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे तथा निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी, ओवरलोडिंग अथवा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

