योगेंद्र सिंह

शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक महोदय जनपद शाहजहाँपुर के निर्देशन में जनपद में संचालित आरक्षी नागरिक पुलिस आधारभूत प्रशिक्षण की लिखित (इनडोर) परीक्षाओं का आयोजन पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय, मुरादाबाद द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुव्यवस्थित एवं सकुशल रूप से कराया जा रहा है। परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं गोपनीयता सुनिश्चित करने हेतु प्रश्नपत्रों का सुरक्षित वितरण, ओएमआर शीट की उपलब्धता तथा परीक्षा उपरांत उनके सुरक्षित संधारण की प्रक्रिया को कड़ाई से नियंत्रित किया गया है। परीक्षा केन्द्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए प्रशिक्षुओं के प्रवेश के समय सघन तलाशी ली जा रही है तथा मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट आदि प्रतिबंधित सामग्री पर पूर्णतः रोक लगाई गई है। परीक्षा कक्षों में सतत निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक गतिविधि पर पैनी दृष्टि रखी जा रही है, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।
इसी क्रम में श्रीमान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण महोदया द्वारा परीक्षा केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया गया, जिसमें परीक्षा व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों एवं SOP के अनुपालन का गहन परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए तथा प्रश्नपत्र एवं ओएमआर शीट की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश से पूर्व प्रशिक्षुओं की सघन चेकिंग सुनिश्चित की जाए, प्रतिबंधित सामग्री का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रखा जाए तथा ड्यूटी पर तैनात समस्त अधिकारी/कर्मचारी पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

