सोनेंद्र कुमार

लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर फरार चल रहे आरोपी पति को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम शेखनखेड़ा मजरा उतरांवां में 8 मार्च को घरेलू विवाद के चलते राजेश रावत ने अपनी पत्नी राजेश्वरी (45) के सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार कर हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। मृतका के बेटे गुलशन कुमार की तहरीर पर निगोहां थाना में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को आरोपी राजेश रावत को पतौना से अकंताखेड़ा जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब का आदी है और जमीन बेचने को लेकर पत्नी से अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी शराब के नशे में विवाद बढ़ गया, जिसके बाद उसने गुस्से में कुल्हाड़ी से वार कर पत्नी की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कीकर के जंगल से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया गया है।

