योगेंद्र सिंह

शाहजहांपुर । दिनांक 16.02.2026 को श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय शाहजहाँपुर द्वारा क्षेत्राधिकारी नगर के साथ थाना क्षेत्रान्तर्गत निकलने वाले परंपरागत बड़े लाट साहब जुलूस के निर्धारित मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जुलूस मार्ग के प्रारंभिक बिंदु से समापन स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों का गहनता से अवलोकन किया गया। मार्ग की चौड़ाई, बैरिकेडिंग, वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं के आवागमन की सुविधा का परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि जुलूस के दौरान प्रभावी ड्यूटी प्लान तैयार कर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों की नियुक्ति, यातायात डायवर्जन प्लान का क्रियान्वयन तथा सीसीटीवी/ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
जनपद पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं जुलूस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ प्राथमिकता के आधार पर की जा रही हैं।
पुलिस प्रशासन आमजन से अपील करता है कि वे शांति एवं सौहार्द बनाए रखें तथा प्रशासन का सहयोग करें।

