योगेन्द्र सिंह

शाहजहांपुर। दिनांक 14.02.2026 को श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय, जनपद शाहजहाँपुर द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक नगर महोदय के साथ महिला थाना, शाहजहाँपुर का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण की शुरुआत महिला थाना पुलिस द्वारा श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय को औपचारिक सलामी देकर की गई।
वार्षिक निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की समस्त व्यवस्थाओं का गहनता एवं सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया। श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा थाना कार्यालय की कार्यप्रणाली, अपराध एवं सामान्य अभिलेखों की अद्यावधिक स्थिति, लंबित एवं प्रचलित विवेचनाओं की प्रगति, मालखाना, शस्त्रागार, महिला हवालात, साफ-सफाई व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, बैरक, मेस, आवासीय परिसर तथा जनसुनवाई कक्ष का विस्तृत निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, रिकॉर्ड के नियमित अद्यतन एवं सभी प्रक्रियाओं के विधिसम्मत अनुपालन पर विशेष बल दिया गया। लंबित विवेचनाओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा गया कि प्रत्येक प्रकरण की विवेचना तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से की जाए।
विशेष रूप से महिला एवं बाल अपराध से संबंधित प्रकरणों में त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने, शिकायतों की समयबद्ध सुनवाई करने तथा पीड़ितों के साथ मानवीय एवं सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्परता से कार्यवाही कर पीड़ितों को आवश्यक विधिक एवं मनोवैज्ञानिक सहयोग उपलब्ध कराने पर बल दिया गया।
श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय ने थाना परिसर में साफ-सफाई, अनुशासन एवं कार्यकुशलता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस का व्यवहार जनसामान्य के प्रति सदैव मर्यादित, शालीन एवं सहयोगात्मक होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनविश्वास की सुदृढ़ स्थापना ही प्रभावी पुलिसिंग का आधार है। निरीक्षण के दौरान महिला थाना के सभी अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

