योगेन्द्र सिंह

शाहजहांपुर। आगामी होली पर्व के दृष्टिगत छोटे लाट साहब के जुलूस को शान्तिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से आज दिनांक 10.02.2026 को श्रीमान पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन मे श्रीमान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण महोदया की अध्यक्षता में थाना रामचन्द्र मिशन परिसर में पीस कमेटी की एक विस्तृत बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), श्रीमान नगर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी सदर, उपजिलाधिकारी सदर सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे। साथ ही होली समिति के पदाधिकारी, आयोजक एवं गणमान्य नागरिकों ने भी बैठक में सहभागिता की। बैठक के दौरान छोटे लाट साहब के जुलूस के निर्धारित मार्ग, जुलूस के समय, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के नियमन, संवेदनशील स्थलों की पहचान तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों द्वारा समिति के सदस्यों से जुलूस के दौरान परम्पराओं का पालन करते हुए शान्ति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे को बनाए रखने की अपील की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण महोदया द्वारा उपस्थित जनों को अवगत कराया गया कि जुलूस के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, आपत्तिजनक नारेबाजी या अव्यवस्था को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी आयोजकों एवं समिति सदस्यों से प्रशासन व पुलिस का पूर्ण सहयोग करने तथा किसी भी समस्या या सूचना को तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भी सभी से कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं से बचने तथा पर्व को आपसी प्रेम, सौहार्द और शान्ति के साथ मनाने की अपील की गई। बैठक में उपस्थित होली समिति के सदस्यों द्वारा प्रशासन एवं पुलिस को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया। पीस कमेटी की यह बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में सम्पन्न हुई।

