योगेन्द्र सिंह

शाहजहांपुर। आज दिनांक 31.12.2025 को जनपद शाहजहाँपुर में उत्तर प्रदेश पुलिस के उन अधिकारी/कर्मचारीगण, जिन्होंने अपने दीर्घ, समर्पित एवं अनुकरणीय सेवाकाल के उपरान्त अधिवर्षता आयु पूर्ण कर पुलिस सेवा से सेवानिवृत्ति प्राप्त की, उनके सम्मान में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी/कर्मचारीगण में
उ0नि0 ना0पु0 श्री राम सेवक (नियुक्ति – थाना कांट),
उ0नि0 ना0पु0 श्री शहीद अहमद (नियुक्ति – थाना रोजा),
उ0नि0 ना0पु0 श्री कमलेश कुमार (नियुक्ति – थाना रोजा) तथा मुख्य आरक्षी चालक श्री शिव सिंह (नियुक्ति – महिला थाना/एण्टी रोमियो) शामिल रहे।
उपरोक्त सभी अधिकारी/कर्मचारीगण द्वारा अपने सम्पूर्ण सेवाकाल के दौरान पुलिस विभाग की गरिमा, अनुशासन एवं मर्यादा को बनाए रखते हुए पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, कर्तव्यपरायणता एवं लगन के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन किया गया। इनके सेवाकाल के दौरान किए गए कार्यों से न केवल विभागीय कार्यप्रणाली को सुदृढ़ता प्राप्त हुई, बल्कि आमजन के मध्य पुलिस की सकारात्मक छवि एवं विश्वास भी और अधिक मजबूत हुआ। इस अवसर पर पुलिस लाइन, शाहजहाँपुर स्थित सभागार में पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हुए उक्त अधिकारी/कर्मचारीगण के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्राधिकारी लाइन, शाहजहाँपुर श्री संजय कुमार सिंह महोदय द्वारा प्रतिभाग करते हुए सेवानिवृत्त अधिकारी/कर्मचारीगण को उनके सराहनीय सेवाकाल के लिए उपहार एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके उज्ज्वल, सुखमय, स्वस्थ एवं समृद्ध भविष्य की कामना करते हुए भावपूर्ण शब्दों में शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं।
विदाई समारोह के दौरान प्रतिसार निरीक्षक, शाहजहाँपुर श्री संतोष कुमार सिंह, प्रभारी उ0नि0 परिवहन श्री सुरेशचन्द्र मिश्र सहित पुलिस लाइन एवं जनपद की विभिन्न शाखाओं के अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारी/कर्मचारीगण द्वारा सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी/कर्मचारीगण के साथ अपने सेवाकाल से जुड़े संस्मरण साझा किए गए तथा उनके योगदान की प्रशंसा करते हुए भावभीनी शुभकामनाएँ दी गईं।
उक्त विदाई समारोह सौहार्दपूर्ण, अनुशासित एवं भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें पुलिस विभाग की परंपरा, आपसी सम्मान, एकजुटता एवं सेवा भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।

