कालेंद्र त्रिपाठी

मृतक महिला के पति ने दोस्तों के साथ मिलकर की थी हत्या, हत्या के बाद फेंका था शव
माल, लखनऊ। थाना माल क्षेत्र के बसहरी गांव स्थित एक आम के बाग में बीते सोमवार को मिली अज्ञात महिला की लाश के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। मृतका की शिनाख्त सीतापुर जिले की पूजा देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या में शामिल आरोपी पति राजू गुप्ता सहित कुल पाँच लोगों को गिरफ्तार कर घटना का सफल पर्दाफाश किया है।
मृतका की पहचान उसकी बेटी सुमन ने की थी। सुमन ने बताया कि उसकी मां दूसरी शादी करके पति राजू गुप्ता के साथ दुबग्गा क्षेत्र में रहती थी। सुमन ने थाने पर आरोपी राजू गुप्ता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके बाद पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी राजू गुप्ता ने बताया कि पहली पत्नी की मौत के बाद उसने पूजा देवी से शादी की थी। पूजा देवी अपने पहले पति से तीन बच्चों की माँ थी। शादी के बाद दोनों में विवाद बढ़ते गए। पूजा देवी अक्सर पैसों की मांग करती थी और पति को उसकी पहली पत्नी के बच्चों से मिलने नहीं देती थी। राजू ने बताया कि कुछ दिन पहले उसने दस लाख रुपये में अपना प्लाट बेचा था, जिसके बाद पूजा उस रकम पर कब्जा चाहती थी। इससे तंग आकर राजू ने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पति राजू ने अपनी समस्या अपने परिचित अनीस पुत्र जहीरूद्दीन आदर्शनगर लखनऊ को बताई। अनीस ने उसे शकील पुत्र मो अमीन दुबग्गा लखनऊ, राजेश पुत्र सत्यप्रकाश लखीमपुर खीरी और सर्वेश पुत्र मातादीन जगदीशपुर मलिहाबाद लखनऊ से मिलाया और सभी ने मिलकर हत्या की साजिश रची। प्लान के मुताबिक 31 अक्टूबर की रात मुख्य आरोपी राजू अपनी पत्नी पूजा को बहाने से बसहरी गांव के पास एक आम के बाग में ले गया। वहाँ पहले से मौजूद साथी सर्वेश, शकील और राजेश ने मिलकर पूजा का गला दबा दिया और शव को झाड़ियों में छिपाकर सभी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से पाँच मोबाइल फोन और 1300 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों को काकराबाद अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार यह पूरी घटना पति की नाराज़गी, आर्थिक विवाद और निजी तनाव का परिणाम रही। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नवाब अहमद, उप निरीक्षक अभय कुमार बाजपेई, हरिओम सिंह, आरक्षी अशीष, रजत कौशिक, राजीव सिंह व उत्तरी जोन सर्विलांस सेल के प्रभारी उप निरीक्षक मनीष कुमार मिश्र, मुख्य आरक्षी संतोष कुमार, आरक्षी राघवेंद्र प्रताप सिंह शामिल रहे।

