सोनेंद्र कुमार

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ के ग्राम मस्तीपुर स्थित लखनऊ-रायबरेली रोड किनारे संचालित एस.बी.आर.एन. एकेडमी में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित भव्य पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। विद्यालय के प्रबंधक एस. बी. सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण और लगातार घटते हरित क्षेत्र के कारण पर्यावरण संतुलन प्रभावित हो रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी देखभाल भी करे। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रकृति के महत्व, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. शुभम सिंह ने भी बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पौधरोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के सुरक्षित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि यदि आज हम पर्यावरण की रक्षा नहीं करेंगे तो आने वाले समय में गंभीर प्राकृतिक संकटों का सामना करना पड़ सकता है। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने मिलकर 100 से अधिक पौधों का रोपण किया। बच्चों ने पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का भी संकल्प लिया। पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर हरियाली के संदेश से गूंज उठा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना रहा।

