सोनेंद्र कुमार

लखनऊ। मोहनलालगंज
जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम (20 से 22 मार्च 2026) पाण्डेय कॉम्प्लेक्स, मोहनलालगंज में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण पहल में प्रतिष्ठित सामाजिक संगठन रेड ब्रिगेड के सहयोग से बड़ी संख्या में बालिकाओं एवं महिलाओं को आत्मरक्षा की आधुनिक एवं प्रभावी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को शारीरिक सुरक्षा के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता, त्वरित निर्णय क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने पर भी विशेष बल दिया गया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के प्रबंधक एवं समाजसेवी डॉ. अजय पाण्डेय (सत्यम) ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं में साहस, आत्मविश्वास और जागरूकता का संचार करते हैं, जो उन्हें हर परिस्थिति में सक्षम बनाते हैं। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि ट्रस्ट भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करता रहेगा।

